BREAKING NEWS

logo

रामगंगा में दिखे ऊदबिलाव, दुर्लभ जलीय जीवों की वापसी


नैनीताल। ऊदबिलावों का एक दुर्लभ समूह को हाल ही में विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटी रामगंगा नदी में देखा गया। नदी किनारे मस्ती करते इन जलीय जीवों को देखकर पर्यटक और स्थानीय लोग उत्साहित हुए।

कॉर्बेट क्षेत्र की जीवनरेखा मानी जाने वाली रामगंगा नदी में सुबह के समय ऊदबिलावों का एक समूह पानी में तैरता और खेलता नजर आया। ये ऊदबिलाव लंबे समय बाद इस क्षेत्र में खुले तौर पर दिखाई दिए हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, ऊदबिलावों की मौजूदगी किसी भी नदी के स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र का संकेत मानी जाती है। ये जीव स्वच्छ जल और पर्याप्त मछलियों वाले वातावरण में ही पनपते हैं। रामगंगा नदी में इनकी सक्रियता यह दर्शाती है कि नदी का इकोसिस्टम फिलहाल संतुलित स्थिति में है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में नदी में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ी हैं। पर्यटकों ने भी दूर से इन ऊदबिलावों को अपने कैमरों में कैद किया। पार्क प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें।

Subscribe Now