हरिद्वार। जनपद में अपराधियों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए हरिद्वार पुलिस आज 3 अप्रैल 2026 से “ऑपरेशन प्रहार” नाम से एक माह का सघन अभियान शुरू कर रही है। पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान वांछित अपराधियों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। वहीं पुलिस अधीक्षक नगर और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को प्रतिदिन अभियान की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन बिंदुओं पर होगी विशेष कार्रवाई
-वांछित अपराधियों (इनामी, वारंटी और फरार अभियुक्तों) की गिरफ्तारी।
-देर रात तक संचालित होने वाले बार, क्लब, पब, होटल, ढाबे और रिजॉर्ट पर निगरानी तथा शांति व्यवस्था प्रभावित करने पर कार्रवाई।
-रेसिंग, ड्रंकन ड्राइविंग, बिना नंबर प्लेट, संदिग्ध वाहनों और बाहरी राज्यों के नंबर वाले वाहनों की सख्त चेकिंग।
-हूटर और फर्जी नंबर प्लेट लगे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई।
-अवैध शस्त्रों की बरामदगी तथा अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्रियों पर छापेमारी।
-बाहरी राज्यों के संदिग्ध व्यक्तियों और विदेशी नागरिकों के सत्यापन की प्रक्रिया।
-संगठित अपराध पर भी रहेगा फोकस
अभियान के दौरान पुलिस विशेष रूप से गुंडा तत्वों, पेशेवर अपराधियों, स्ट्रीट क्राइम करने वालों और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन भी कराया जाएगा।













