BREAKING NEWS

logo

हरिद्वार की सड़कों पर टहलती मौत: सांड के हमले में बुजुर्ग की मौत


हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में आवारा सांडों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कनखल थाना क्षेत्र के जगजीतपुर इलाके में एक आवारा सांड के हमले में 75 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई।

यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।

जानकारी के अनुसार, घटना जगजीतपुर स्थित मांगेराम की पुलिया के पास गुरुवार देर शाम की है। 75 वर्षीय रामकिशन, निवासी जगजीतपुर, सड़क किनारे खड़े थे। तभी पीछे से अचानक आए एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने पहले उन्हें जोरदार टक्कर मारी और फिर सींगों पर उठाकर सड़क पर पटक दिया। इस अचानक हुए हमले से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।

लोगों ने किसी तरह सांड को वहां से भगाया और घायल बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जगजीतपुर क्षेत्र में लंबे समय से आवारा सांड और मवेशियों की समस्या बनी हुई है। कई बार नगर निगम और प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद भी इन्हें पकड़ने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने प्रशासन से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग की है।

कनखल थाना प्रभारी डीएस रावत ने बताया कि परिजनों द्वारा मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया है और फिलहाल परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। लोगों की मांग हैं कि आवारा सांडों और मवेशियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

Subscribe Now