logo

आधी रात दूधाधारी चौक पर जंगली हाथी के आने से मचा हड़कंप, वन विभाग ने खदेड़ा


हरिद्वार। हरिद्वार नगर के व्यस्त दुधाधारी चौक पर बुधवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल से निकलकर एक विशालकाय हाथी अचानक सड़क पर आ गया। इससे इलाके में कुछ देर के लिए दहशत और भगदड़ जैसे हालात बन गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीती रात के समय जब चौक पर वाहनों और लोगों की आवाजाही चल रही थी, तभी एक हाथी जंगल से निकलकर सीधे मुख्य सड़क पर आ गया। हाथी को देखते ही लोग इधर-उधर भागने लगे, जबकि कुछ लोग डर के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में जुट गए।

बताया जा रहा है कि हाथी कुछ देर तक सड़क और आसपास के इलाके में भटकता रहा, मानो वह रास्ता खोजने की कोशिश कर रहा हो। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद टीम ने हाथी को सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर खदेड़ दिया। वन विभाग की ओर से स्थायी समाधान और प्रभावी निगरानी की कमी से लाेग चिंतित हैं। वन विभाग का कहना है कि ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई कर जानवरों को सुरक्षित वापस जंगल में भेज दिया जाता है।

Subscribe Now