logo

नैनीताल को एक करोड़ और मंडी परिषद को 57 लाख चुकाने होंगे


हल्द्वानी। ट्रंचिंग ग्राउंड में जमा होने वाले कूड़े के निस्तारण के लिए नैनीताल नगर पालिका को एक करोड़ और मंडी परिषद को 57 लाख रुपये का बकाया चुकाना होगा। वहीं कई अन्य निकायों व समितियों ने भी लाखों रुपये का भुगतान नहीं किया है। अब नगर निगम हल्द्वानी ने बकाया भुगतान के लिए पत्र भेजा है। इससे ट्रंचिंग ग्राउंड में लग रहे कूड़े के ढेर का समाधान की उम्मीद है।

गौलापार स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में नगर निगम हल्द्वानी के अलावा नैनीताल, भवाली, भीमताल, लालकुआं नगर निकायों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का कूड़ा भी डंप किया जाता है। भुगतान न होने से जिला पंचायत पर 39 लाख, भवाली नगर पालिका पर 34 लाख, भीमताल नगर पालिका पर 45 लाख और नगर पंचायत लालकुआं पर 25 लाख रुपये का बकाया हो गया है।

हल्द्वानी नगर निगम को कूड़ा निस्तारण के लिए 9.55 करोड़ की धनराशि खर्च करनी है। लीगेसी प्लांट के संचालन के लिए निगम लगभग सात करोड़ की धनराशि खर्च कर चुका है। अब बजट की कमी से ट्रंचिंग ग्राउंड में जमा कूड़े का निस्तारण मुश्किल बना हुआ है।

नगर आयुक्त नगर परितोष वर्मा ने कहा कि ट्रंचिंग ग्राउंड में निकायों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र से कूड़ा पहुंचता है। इसके लिए निस्तारण के भुगतान देने को पत्र भेजा गया है।

Subscribe Now