logo

पहचान छिपाकर नाबालिग से दुष्कर्म , मुकदमा दर्ज


हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में नाबालिग लडक़ी से जुड़े एक गंभीर मामले ने स्थानीय स्तर पर हडक़ंप मचा दिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर एक युवक पर सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी पहचान बनाकर संपर्क करने, नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने, दुष्कर्म करने और बाद में कथित रूप से धर्म परिवर्तन के लिए मानसिक दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मंगलवार काे पीडि़ता के परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, आरोपित युवक ने सोशल मीडिया पर मोनू नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर नाबालिग से संपर्क स्थापित किया। आरोप है कि उसने खुद को हिंदू बताकर 15 वर्षीय छात्रा से दोस्ती की और धीरे-धीरे उसे अपने प्रभाव में ले लिया। बाद में उसकी असली पहचान समीर शेख के रूप में सामने आने का दावा किया गया है।

परिजनों का आरोप है कि समीर शेख ने छात्रा को घर और स्कूल के बीच रास्ते से अपनी सफेद रंग की कार में बैठाया और उसे एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया गया। यह भी आरोप है कि इसके बाद उसने शादी का झांसा देकर कई बार उसका शारीरिक शोषण किया।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि पहचान उजागर होने के बाद आरोपित ने नाबालिग पर धर्म परिवर्तन के लिए मानसिक दबाव बनाना शुरू कर दिया, जिससे उसकी मानसिक स्थिति प्रभावित हुई और उसके व्यवहार में बदलाव देखने को मिला। परिजनों के अनुसार, इसी बदलाव के बाद मामले का खुलासा हुआ।

पुलिस अधीक्षक नगर अभय प्रताप सिंह के अनुसार, पीडि़ता के पिता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सोशल मीडिया रिकॉर्ड, मोबाइल डेटा तथा वाहन से जुड़ी जानकारी खंगाली जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपित की तलाश जारी है।

Subscribe Now