घायलों की पहचान बरेली स्थित रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के एनेस्थीसिया विभाग के पीजीजेआर द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्रा डॉ. प्रस्तुति और डॉ. अभिषेक के रूप में हुई है। दोनों डॉक्टर गर्जिया की ओर जा रहे थे, तभी रिंगोड़ा के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन से उनकी कार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय बंजी जंप में कार्यरत कुछ युवाओं ने तुरंत घायलों की मदद की और अपने निजी वाहन से उन्हें रामनगर स्थित रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।
डॉ. तौहिद (रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय) के अनुसार, महिला डॉक्टर प्रस्तुति के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। सिर की चोट इतनी गहरी थी कि हड्डियां तक दिखाई दे रही थीं, जिसके बाद प्राथमिक उपचार के दौरान उनके सिर पर टांके लगाए गए। वहीं, डॉ. अभिषेक के पैरों और कूल्हे में गंभीर चोटें दर्ज की गई हैं।
घायलों की गंभीर हालत और उनके स्वयं के आग्रह पर दोनों को बेहतर इलाज के लिए रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
नैनीताल। शुक्रवार सुबह रामनगर में नेशनल हाईवे-309 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इसमें रिंगोड़ा के पास पिकअप वाहन और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।













