BREAKING NEWS

logo

महाशिवरात्रि मेले का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ


खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को उधमसिंहनगर जिले के खटीमा के वनखंडी महादेव मंदिर, चकरपुर में आयोजित महाशिवरात्रि मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदेशवासियों एवं श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री धामी ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ करने से पहले मंदिर में शिवलिंग का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और उन्नति की कामना की। उन्होंने कहा कि वनखंडी महादेव मंदिर में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना बनाकर मंदिर क्षेत्र का समुचित विकास किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश जोशी, गंभीर सिंह धामी, गोपाल सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Subscribe Now