देहरादून। देहरादून के तिब्बती मार्केट के पास हुए अर्जुन शर्मा हत्याकांड के बाद पुलिस ने दो आरोपितों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। फायरिंग के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है।
हत्याकांड के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए शहर से लेकर देहात तक नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के दौरान गुरुवार तड़के पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर कोरोनेशन चिकित्सालय भेजा गया। इसी तरह लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार एक व्यक्ति ने पुलिस के रुकने के संकेत को नजरअंदाज कर वापस मुड़कर भागने की कोशिश की और एक खंडर फैक्टरी में घुसकर पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसपी अजय सिंह कोरोनेशन अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने देहरादून के तिब्बती मार्केट के सामने अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन शर्मा की हत्या को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है।
देहरादून अर्जुन हत्याकांड के दो आरोपित मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार












