देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रदेश सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार तक के समग्र सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए निरंतर कार्य भी कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी गुरुवार को अपने आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम काे संबाेधित कर रहे थे। इस माैके परमुख्यमंत्री धामी ने नंदा गौरा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रदेश की 33,251 बालिकाओं के बैंक खातों में डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से 1 अरब 45 करोड़ 93 लाख रुपये की धनराशि एक क्लिक से हस्तांतरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में बेटा-बेटी के बीच भेदभाव को समाप्त करने और कन्या जन्म को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने नंदा गौरा योजना शुरू की है। योजना के अंतर्गत बालिका के जन्म पर 11 हजार रुपये तथा 12वीं उत्तीर्ण करने पर उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि अब तक योजना के माध्यम से 3,77,784 बालिकाओं को कुल 11 अरब 68 करोड़ 49 लाख रुपये की धनराशि वितरित की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बालिकाओं की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया है, जिससे प्रदेश में महिलाओं की भागीदारी मजबूत हुई है और प्रशासनिक कार्य संस्कृति में सकारात्मक बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लखपति दीदी योजना’ के माध्यम से भी महिलाओं की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नंदा गौरा योजना कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा समाज में लैंगिक असमानता को कम करने की दिशा में प्रभावी सिद्ध हो रही है।
इस अवसर पर महिला कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि इस वर्ष लाभान्वित बालिकाओं में 5,913 नवजात शामिल हैं, जबकि 27,338 बालिकाओं को 12वीं उत्तीर्ण करने पर प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। उन्होंने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए विभागीय टीम की सराहना की।
कार्यक्रम में सचिव चंद्रेश कुमार, विभागीय निदेशक बंशीलाल राणा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बेटियों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है सरकार: मुख्यमंत्री धामी












