BREAKING NEWS

logo

मसूरी में जाम से राहत की तैयारी, लंबीधार-किमाड़ी रोड बनेगी वैकल्पिक मार्ग


मसूरी। पर्यटन सीजन के नजदीक आते ही मसूरी में यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। विशेष रूप से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद राजधानी क्षेत्र से पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना जताई जा रही है, जिससे शहर की सड़कों पर दबाव कई गुना बढ़ सकता है। पर्यटकों की बढ़ती आमद और एक्सप्रेसवे के प्रभाव के बीच 23 किमी सड़क चौड़ीकरण योजना को रफ्तार देने की तैयारी सरकार ने शुरु कर दी है।

गाैरतलब है कि मौजूदा समय में भी मसूरी में गांधी चौक से किंक्रेग मार्ग तक लंबे जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में एक्सप्रेसवे के पूर्ण संचालन के बाद यह समस्या और गंभीर होने की आशंका है।

धामी सरकार ने यातायात दबाव को कम करने के लिए 23 किलोमीटर लंबी लंबीधार-किमाड़ी (एलकेडी) रोड को प्रमुख वैकल्पिक मार्ग के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह मार्ग गढ़ी कैंट के सप्लाई क्षेत्र से शुरू होकर मसूरी झील के पास मुख्य सड़क से जुड़ेगा, जिससे देहरादून से आने वाले वाहनों को शहर के मुख्य मार्ग में प्रवेश किए बिना वैकल्पिक रास्ता मिल सकेगा।

लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड ने सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। विभाग के अनुसार टेंडर प्रक्रिया का अहम चरण पूरा कर लिया गया है और शेष औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर ली जाएंगी। अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि अप्रैल माह के अंत तक ठेकेदार के साथ अनुबंध की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद मई से चौड़ीकरण का कार्य धरातल पर शुरू कर दिया जाएगा और अगले 6 से 7 महीनों में सड़क को पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्हाेंने बताया कि मसूरी में हर वर्ष बढ़ती पर्यटकों की संख्या जहां स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देती है, वहीं यातायात और बुनियादी ढांचे पर दबाव भी बढ़ाती है। ऐसे में वैकल्पिक मार्गों का विकास समय की आवश्यकता है। प्रशासन के लिए आने वाले समय में पर्यटन और यातायात के बीच संतुलन बनाना एक बड़ी चुनौती होगी। लंबीधार-किमाड़ी रोड का चौड़ीकरण इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे मसूरी के मुख्य मार्गों पर जाम की समस्या से लाेगाें की राहत मिलेगी।

Subscribe Now