logo

गोकशी के आरोपित गैंगलीडर गिरफ्तार


हरिद्वार। जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली झबरेड़ा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गोकशी के मामलों में लिप्त व गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे गैंगलीडर को उसके साथी सहित गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशों के अनुपालन में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने शुक्रवार को आरोपित गैंगलीडर फुरकान और उसके साथी कुर्बान को दबोच लिया। दोनों लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर थे और क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बताए जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों के खिलाफ गोकशी से संबंधित गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, साथ ही गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। इनकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फुरकान पुत्र खलील व कुर्बान पुत्र खलील, निवासी ग्राम खाताखेड़ी, थाना झबरेड़ा, जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उनका चालान कर दिया है।

Subscribe Now