BREAKING NEWS

logo

आईटीबीपी के आईजी ने पर्यटन मंत्री काे दी चारधाम यात्रा के दाैरान सुरक्षा प्रबंधन की जानकारी


-पर्यटन गतिविधियाें काे बढ़ाने के लिए आईटीबीपी राज्य सरकार के साथ करेगी समन्वय

देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने अपनी तैयारियों को और तेज कर दिया है। इसी क्रम में आईटीबीपी के महानिरीक्षक मनु महाराज ने सोमवार को प्रदेश के पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज से मुलाकात कर यात्रा व्यवस्थाओं और सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा तंत्र को लेकर विस्तृत चर्चा की।

आईटीबीपी के महानिरीक्षक मनु महाराज सुबह सुभाष रोड स्थित कैम्प कार्यालय पहुंचे और मंत्री सतपाल महाराज से भेंट की। इस दाैरान महानिरीक्षक मनु महाराज ने मंत्री काे आईटीबीपी की ओर से यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, त्वरित राहत कार्य और दुर्गम क्षेत्रों में तैनाती जैसे अहम मुद्दों पर जानकारी दी। साथ ही यह भी तय किया गया कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आईटीबीपी और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। इस दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि उच्च हिमालयी और संवेदनशील क्षेत्रों में आईटीबीपी की विशेषज्ञता का उपयोग कर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को और सुदृढ़ किया जा सकता है।

आईटीबीपी के महानिरीक्षक मनु महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान आईटीबीपी पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहेगी और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहेगी। इस अवसर पर आईटीबीपी के उप महानिरीक्षक शैलेन्द्र जोशी भी मौजूद रहे।

Subscribe Now