ट्रस्ट की अध्यक्ष कमला थापा ने शुक्रवार को बताया कि फेस्टिवल आगामी 20, 21 और 22 फरवरी को गढ़ी कैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोजन की सफलता के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है।
ट्रस्ट की सचिव प्रभा शाह के अनुसार महोत्सव में पहाड़ी खान-पान, पारंपरिक वेशभूषा, फैशन शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ साइकोलोथॉन के साथ होगा तथा तीनों दिन आयोजन स्थल को पॉलीथिन मुक्त रखने का संदेश दिया जाएगा। महोत्सव के दौरान मधुमक्खी पालन, फल संरक्षण, सौंदर्य कला, नेचर फोटोग्राफी और ट्रैफिक नियमों पर कार्यशालाएं भी आयोजित होंगी।
ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष मीनू क्षेत्री ने बताया कि जागर गायिका बसंती बिष्ट, सिलीगुड़ी से लोकगायक विक्रम कालीकोटी, दार्जिलिंग की लोकगायिका सुरक्षा सिंचुरी, डीआईडी फेम आद्याश्री उपाध्याय तथा जम्मू से एम जैक्शन कल्चर इंस्टीट्यूट की टीम अपनी प्रस्तुतियां देंगी। फेस्टिवल प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10:30 बजे तक चलेगा।
कार्यक्रम की संरक्षक गोदावरी थापली ने शहरवासियों से अधिक संख्या में पहुंचकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है। आमंत्रण अभियान में ज्योति कोटिया, वंदना बिष्ट, नैन कारा, सूर्य विक्रम शाही, निर्मला थापा, नंदा रावत, उर्मिला तोमर सहित अन्य लोग शामिल रहे।
हिमालय फेस्टिवल के प्रचार में जुटीं महिलाएं, घर-घर दे रहीं आमंत्रण
देहरादून। शहीद दुर्गा मल्ल मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से आयोजित तीन दिवसीय गोरखा हिमालयन फेस्टिवल के लिए आमंत्रण अभियान शुरू हो गया है। ट्रस्ट से जुड़ी महिलाएं समूह बनाकर घर-घर जाकर मंत्रियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों को महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दे रही हैं।












