देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में जनप्रतिनिधियों एवं संस्कृति स्कूल के विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 131वें एपिसोड काे सुना।
इस माैके मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम जन-जन को प्रेरित करने वाला सशक्त माध्यम है, जो नवाचार, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में योगदान की भावना को प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर आयोजित वैश्विक शिखर सम्मेलन, अंगदान की प्रेरणादायक घटनाओं तथा डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर धोखाधड़ी से सावधान रहने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री के संदेशों को आत्मसात करें तथा एआई, स्वास्थ्य जागरूकता और डिजिटल सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक खजानदास, सविता कपूर, सुरेश गड़िया पूर्व विधायक बलवंत सिंह भौंरियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
‘मन की बात’ समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला मंच: मुख्यमंत्री धामी












