BREAKING NEWS

logo

ऊंचापुल चौराहे के चौड़ीकरण की कार्रवाई शुरू, अतिक्रमण पर चला बुलडोज़र


हल्द्वानी। लंबे समय से जाम और अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे ऊंचापुल चौराहे के चौड़ीकरण की प्रक्रिया आखिरकार शुरू हो गई है। आज गुरुवार को प्रशासन और नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और सड़क सीमा में आ रहे भवनों व दुकानों पर बुलडोज़र चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी।

प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे चौड़ीकरण अभियान के तहत सड़क की सीमा में आ रही कई दुकानों और भवनों को हटाया जा रहा है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में लंबे समय से लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार ऊंचापुल चौराहा शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक है, जहां दिनभर वाहनों का भारी दबाव बना रहता है। सड़क संकरी होने और अतिक्रमण के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।प्रशासन ने बताया कि प्रभावित भवन स्वामियों को पहले ही नोटिस जारी कर दिया गया था। तय समय के बाद अतिक्रमण नहीं हटाने पर अब ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि चौड़ीकरण कार्य पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और इस महत्वपूर्ण मार्ग पर लोगों का आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि शहर के विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए यह कार्रवाई जरूरी है।

Subscribe Now