BREAKING NEWS

logo

आरा और पटना साहिब में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा- भाजपा भारत में लागू नहीं होने देगी शरीयत कानून


आरा और पटना साहिब में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा-

भाजपा भारत में लागू नहीं होने देगी शरीयत कानून 

भोजपुर । बिहार के आरा लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार आरके सिंह के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा भारत में शरीयत कानून लागू नहीं होने देगी। लालू ने कहा है कि ओबीसी का आरक्षण मुसलमानों को दे देंगे। हिंदुओं का आरक्षण हम किसी को कतई नहीं देने देंगे।सीएम योगी ने कहा कि कलकत्ता हाई कोर्ट ने तृणमूल कांग्रेस के फैसले को पलटते हुए कहा कि धर्म के आधार पर मुसलमान को आरक्षण नहीं दे सकते। इसके बावजूद यह लोग देश के खिलाफ छल कर रहे हैं। यह आपके साथ कपट कर रहे हैं। यह लोग जाति के नाम पर लड़ाएंगे, फिर अलग-अलग वर्ग करेंगे। फिर कहेंगे कि आपका आधा हिस्सा मुसलमान दे देंगे। कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में इन लोगों ने मुसलमानों को आरक्षण दे दिया।

-राहुल गांधी संपत्ति का एक्सरे कराकर विरासत टैक्स लगाएंगे

सीएम योगी ने कहा कि यह देश को बचाने का चुनाव है। इंदिरा गांधी ने गरीबी हटाओ का नारा दिया था। 54 वर्ष बाद नाती भी वही नारा लगा रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि संपत्ति का एक्सरे कराकर विरासत टैक्स लगाएंगे। आपके पूर्वजों की संपत्ति में आधी राजद व कांग्रेस वाले ले लेंगे और पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान से आए घुसपैठी मुसलमानों को दे देंगे। देश यह कतई स्वीकार नहीं करेगा।
योगी ने कहा कि कांग्रेस व राजद के अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस गई है। औरंगजेब ने हिंदुओं पर जजिया कर लगाया था। कांग्रेस-राजद वाले विरासत टैक्स लगाना चाहते हैं। यह खानपान के नाम पर मुसलमानों को गोहत्या की छूट देना चाहते हैं लेकिन हिंदू यह बर्दाश्त नहीं करेगा। हम लोग गोहत्यारों को सत्ता नहीं देंगे। कांग्रेस, राजद को वोट देने का मतलब सिर पर पाप ले लेना है।

-अंधकार को दूर कर बिजली पहुंचाई और देश को उजाला दिया

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आरा ने आरके सिंह को चुनाव जिताया तो उन्होंने राजद के अंधकार को दूर कर जगह-जगह बिजली पहुंचाई और पूरे देश को उजाला दिया। आरके सिंह के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के एक लाख 20 हजार मजरों में बिजली पहुंचाई गई। 1.53 करोड़ गरीबों को फ्री में विद्युत कनेक्शन दिए गए। अब उत्तर प्रदेश में बिजली 24 घंटे मिलती है। आरा ने सांसद चुना। आपका एक वोट यश का भागीदार बना देता है।सीएम योगी ने कहा कि मोदी के अभियान, मिशन और विजन को आरके सिंह पूरे देश में लागू कर रहे हैं। इससे बिहार और आरा का नाम हो रहा है। जनता अच्छा फैसला लेती है तो परिणाम अच्छे आते हैं। सात वर्ष से नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा है। हमने भगवान राम के संकल्प को जीवन का हिस्सा बनाया। यूपी में अब कोई रंगदारी नहीं लेता। माफिया की वहां रामनाम सत्य की यात्रा निकल गई। बेटी-व्यापारी के लिए खतरा बनने वाले को यमराज अगले चौराहे से उठा ले जाते हैं। बिहार में राजद और कांग्रेस का गठबंधन फिर से नक्सलियों को आपकी सुरक्षा में सेंध लगाने भेज रहा है। इसे पनपने न देना।

-जब देश मजबूत हाथों में रहता है तो दुश्मन दबकर चलते हैं

योगी ने कहा कि हमने बदलते भारत को देखा है। 2014 के पहले और बाद के भारत में जमीन-आसमां का अंतर दिखेगा। 2014 के पहले के भारत में कांग्रेस और बिहार में राजद ने पहचान का संकट खड़ा किया था लेकिन 2014 के बाद का भारत दुनिया में सम्मान प्राप्त कर रहा है। 2014 के बाद के भारत में आतंकवाद और नक्सलवाद समाप्त हो गया। जब देश मजबूत हाथों में रहता है तो दुश्मन दबकर चलते हैं। जनसभा में आरा के सांसद व लोकसभा उम्मीदवार आरके सिंह, बड़हरा के विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, आरा के विधायक अमरेंद्र प्रताप सिंह, जनक सिंह, पूर्व राज्यसभा सदस्य आरके सिन्हा आदि की मौजूदगी रही। 

-कांग्रेस-राजद के शासन में सुबह घोटाला शाम को ब्लास्ट

वहीं दूसरी ओर योगी आदित्यनाथ ने पटना साहिब लोक सभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में चुनावी जनसभा के दौरान कहा कि पहले कांग्रेस-राजद के शासनकाल में सुबह की शुरूआत घोटालों से होती थी और शाम होते-होते बड़ी ब्लास्ट की खबर आती थी। आज मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद और नक्सलवाद दोनों का सफाया कर दिया गया है।सीएम योगी ने राजद पर तंज कसते हुए कहा कि राजद-कांग्रेस की सरकार में पहले बिहारियों को पहचान का भी संकट था। उन्होंने कहा कि राजद एक बार फिर से बिहार को लालटेन युग में ले जाना चाहती है। वह चाहते हैं कि बिहार में अंधेरा रहे। पहले न बेटी सुरक्षित थी और न व्यापारी सुरक्षित था। वर्ष 2017 के पहले यही स्थिति यूपी में थी लेकिन सात सालों में एक भी दंगा नहीं हुआ। जितने दंगाईये थे उनका राम नाम सत्य किया, उन्हें हमने कब्र में भेज दिया। योगी ने कहा कि जिन लोगों ने गरीबों की जमीन पर कब्जा किया था, एक-एक कर सभी को छुड़ाये गए, नहीं तो बुलडोजर चला दिए गए।सीएम योगी ने कहा कि पूरा देश कह रहा है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लायेंगे।

Subscribe Now