नई दिल्ली। भारतीय स्वाधीनता संग्राम के अमर नायक, महान समाज सुधारक और शिक्षाविद गोपाल कृष्ण गोखले की पुण्यतिथि पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ शीर्ष नेताओं ने नमन किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर गोपाल कृष्ण गोखले की पुण्यतिथि पर नमन करते हुए कहा कि गोपाल कृष्ण गोखले ने आजादी के आंदोलन से युवाओं को जोड़कर स्वाधीनता के लिए उन्हें प्रेरित किया, वहीं अस्पृश्यता उन्मूलन व समाज सुधार के लिए भी निरंतर कार्य किए। देशहित के विषयों पर गोखले अपनी स्पष्टवादिता के लिए जाने जाते थे।
सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कुशल राजनीतिक एवं सामाजिक नेता, महान समाज सुधारक, कानूनी राजनीति के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम की नींव रखने वाले गोपाल कृष्ण गोखले की जयंती पर नमन किया।
किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मां भारती के वीर सपूत, महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं समाज सुधारक गोपाल कृष्ण गोखले की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। आपके ओजस्वी विचार और आदर्श जीवन सदैव हमें राष्ट्र की सेवा व जनकल्याण हेतु प्रेरित करते रहेंगे।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरीराज सिंह ने भारतीय स्वाधीनता संग्राम के महान स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक गोपाल कृष्ण गोखले की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्वतंत्रता सेनानी गोपाल कृष्ण गोखले की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा, शिक्षा के प्रसार और जनजागरण के प्रति उनका समर्पण हम सभी को सदैव जनसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे ने गोपाल कृष्ण गोखले को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि औपनिवेशिक शासन के खिलाफ लड़ाई में उनका अतुलनीय योगदान पीढ़ियों को न्याय, स्वतंत्रता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करता रहेगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोपाल कृष्ण गोखले को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को वैचारिक दिशा देने और सामाजिक सुधार के लिए आपका योगदान राष्ट्र निर्माण की अमूल्य धरोहर है। आपके आदर्श और विचार सदैव लोकतांत्रिक चेतना को प्रेरणा देते रहेंगे।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गोपाल कृष्ण गोखले की पुण्यतिथि पर नमन करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए गोखले ने संवैधानिक मर्यादाओं और शुचिता पूर्ण राजनीति के साथ निरंतर वैचारिक संघर्ष किया। उनकी प्रखर विद्वत्ता और जनकल्याण के प्रति अटूट निष्ठा आज भी हम सभी के लिए प्रेरणादायी है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नयाब सिंह सैनी और उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोपाल कृष्ण गोखले श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सामाजिक उत्थान, शिक्षा प्रसार और राष्ट्रभावना जागृत करने में उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
गोपाल कृष्ण गोखले की पुण्यतिथि पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ शीर्ष नेताओं दी श्रद्धांजलि












