logo

पानी पीने के बहाने घर में घुसकर चेन तोड़ी, तीन गिरफ्तार


उदयपुर। उदयपुर जिले के खेरवाड़ा थाना क्षेत्र के सुवेरी गांव में घर में घुसकर महिला के गले से सोने की चेन तोड़कर फरार होने वाले तीन शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में उपयोग ली गई बाइक और लूटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। आरोपियों में से एक के खिलाफ विभिन्न थानों में 28 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार सुवेरी गांव निवासी चंपा देवी पत्नी नाथूलाल पटेल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 7 अप्रैल 2026 की दोपहर वह अपने घर पर अकेली थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक उसके घर पहुंचे और पीने के लिए पानी मांगा। मानवता के नाते महिला ने उन्हें पानी पिलाया, लेकिन इसी दौरान मौका देखकर बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।

घटना के बाद खेरवाड़ा थानाधिकारी करनाराम जाट के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। एएसआई गोविंद सिंह, राकेश मेहता और ताराचंद की टीमों ने चार दिनों तक क्षेत्र के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया। पुलिस ने मजदूरों के हुलिए में उखेड़ी, झांझरी सहित आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश की।

सूचना के आधार पर पुलिस ने कनबई, पाटिया और उखेड़ी के जंगलों में घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने भाविन कुमार पुत्र शांतिलाल निवासी लक्ष्मणपुरा, पहाड़ा और आशीष उर्फ आशु पुत्र फूला निवासी फुटाला, पहाड़ा को गिरफ्तार किया। वहीं तीसरे आरोपी मंशाराम पुत्र लक्ष्मण निवासी बिचला फला सरेरा, पहाड़ा को प्रोडक्शन वारंट के तहत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी मंशाराम के खिलाफ खेरवाड़ा, पहाड़ा, डूंगरपुर, बिछीवाड़ा और कल्याणपुर सहित विभिन्न थानों में 28 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं आरोपी आशीष के खिलाफ भी खेरवाड़ा, पहाड़ा, डूंगरपुर, बिछीवाड़ा, कल्याणपुर और सविना थानों में 9 से अधिक लूट व अन्य मामलों के केस दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Subscribe Now