BREAKING NEWS

logo

पुलिस- बदमाशों के बीच मुठभेड़ में युवक की मौत


पाली। जिले में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मामला खिंवाड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को दो गाड़ियों में नशीले पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी।

एएसपी चैनसिंह महेचा ने बताया कि सूचना के आधार पर एएनटीएफ की टीम ने संदिग्ध वाहनों का पीछा किया। इस दौरान एक गाड़ी ओवरस्पीड करते हुए फरार हो गई, जबकि दूसरी गाड़ी को रोकने के लिए पुलिस ने सड़क पर स्ट्रीक लगाकर उसके टायर पंक्चर कर दिए। दीवेर घाटी के निकट वाहन रुकते ही उसमें सवार युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें कार सवार करीब 36 वर्षीय भुट्टो नामक युवक के सीने में गोली लग गई।

घायल युवक को तुरंत जोजावर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पाली स्थित बांगड़ हॉस्पिटल रेफर किया गया।

वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार वाहन में सवार एक अन्य युवक को हिरासत में लिया गया है। फरार हुई दूसरी गाड़ी की तलाश जारी है। मृतक की आपराधिक पृष्ठभूमि और तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

Subscribe Now