logo

बीएपी नेता के भाई की संदिग्ध मौत, परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या का लगाया आरोप


बांसवाड़ा। जिले में भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के नेता अशोक निनामा के भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस प्रेम-प्रसंग के एंगल से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक अनिल (28) खमेरा थाना क्षेत्र के कलिमगरा इलाके में सोमवार देर रात गंभीर हालत में घायल मिले थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक अनिल अपने घर बांसलिखेड़ा से करीब 6 किलोमीटर दूर झाड़ियों में घायल अवस्था में पड़े मिले। परिजनों का आरोप है कि रात करीब 2 बजे गांव के सरपंच प्रकाश का फोन आया, जिसने अनिल की लोकेशन बताई। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो झाड़ियों से अनिल की चीखने की आवाज सुनाई दी।

परिजनों के अनुसार अनिल ने बताया कि उसे देर रात करीब साढ़े 12 बजे से घसीट-घसीट कर बेरहमी से पीटा गया। गंभीर हालत में उसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर बांसवाड़ा रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

मृतक के भाई अशोक निनामा ने आरोप लगाया कि यह हत्या का मामला है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। घटना की जानकारी देते समय वे भावुक हो गए। उल्लेखनीय है कि अशोक निनामा पूर्व में घाटोल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ चुके हैं।

घाटोल के पुलिस उप अधीक्षक महेंद्र मेघवंशी के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद पुलिस ने घायल अवस्था में ही अनिल के बयान भी दर्ज किए थे। एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि मामले में 3-4 लोगों के शामिल होने की आशंका है। आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और कॉल डिटेल्स के आधार पर भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Subscribe Now