ग्रामीणों को तालाब में कार की छत नजर आई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले ट्रैक्टर से कार को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में जेसीबी की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर बाद कार को बाहर निकाला गया। कार की पिछली सीट पर दोनों शव पड़े मिले।
देवली डीएसपी रामसिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान बूंदी जिले के दबलाना थाना क्षेत्र के रेण निवासी रमेश (43) पुत्र जगन्नाथ गुर्जर और महावीर (40) पुत्र सेवा गुर्जर के रूप में हुई है। दोनों आठ जनवरी से कार सहित लापता थे। कार के नंबरों के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई, जिन्होंने शवों की पहचान की। शवों की हालत अत्यंत खराब थी। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शरीर की चमड़ी तक गल चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि संभवत: रास्ता भटकने के दौरान कार तालाब में गिर गई। कार पानी में डूबने के बाद दोनों युवक बाहर नहीं निकल पाए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। दोनों के शव कार की पिछली सीट पर मिले हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतक रमेश के जीजा सीताराम ने बताया कि आठ जनवरी को दोनों देवली तहसील क्षेत्र के गांवड़ी गांव में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। रास्ते में वे उनके घर रुके और सर्दी अधिक होने की बात कहकर उनकी स्विफ्ट डिजायर कार ले गए। उन्होंने कहा था कि अगले दिन कार वापस कर देंगे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। नौ जनवरी को परिजनों ने दबलाना थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट कराई थी। पुलिस और परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रमेश दो बहनों में इकलौता भाई था।
फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
तालाब से मिली डूबी कार, 39 दिन से लापता दो दोस्तों के शव बरामद
टाेंक। जिले के दूनी थाना क्षेत्र में सोमवार को सनसनीखेज मामला सामने आया। आवां कस्बे के बूंदी रोड स्थित रामसागर तालाब में डूबी कार से दो दोस्तों के शव बरामद किए गए। दोनों युवक पिछले 39 दिनों से लापता थे।












