BREAKING NEWS

logo

सुरक्षा जवानों की भर्ती के लिए ब्लॉक स्तर पर कैंप आज से, 400 पदों पर होगा चयन


अजमेर। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। भारतीय सुरक्षा दस्ता परिषद नई दिल्ली के सहयोग से अजमेर जिले में ब्लॉक स्तरीय भर्ती कैंपों का आयोजन 23 मार्च से शुरू होगा। इन कैंपों के माध्यम से सुरक्षा जवान, सुरक्षा सुपरवाइजर और सुरक्षा अधिकारी के कुल 400 पदों पर भर्ती की जाएगी।

एसआईएस सिक्योरिटी कमांडेंट कार्यालय उदयपुर के सेंटर हेड राकेश चौधरी और सहायक भर्ती अधिकारी दर्शन सिंह ने बताया कि भर्ती कैंप प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक आयोजित होंगे। इस अभियान का उद्देश्य जिले के युवाओं को संगठित क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना है।

भर्ती कार्यक्रम के तहत 23 मार्च को पंचायत समिति केकड़ी, 24 मार्च को किशनगढ़, 25 मार्च को नसीराबाद, 26 मार्च को भिनाय, 27 मार्च को सरवाड़, 30 मार्च को पीसांगन और 31 मार्च को पंचायत समिति अजमेर में कैंप आयोजित किए जाएंगे।

इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता भी अलग-अलग निर्धारित की गई है। सुरक्षा जवान के लिए न्यूनतम 10वीं पास, सुरक्षा सुपरवाइजर के लिए 12वीं पास और सुरक्षा अधिकारी के लिए स्नातक होना आवश्यक है। अभ्यर्थियों की आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही शारीरिक मापदंड के तहत उम्मीदवार की ऊंचाई 168 से 170 सेंटीमीटर और वजन 55 से 90 किलोग्राम होना जरूरी है।

भर्ती में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की प्रतियां, आधार कार्ड, पैन कार्ड की फोटो कॉपी, दो पासपोर्ट साइज फोटो और 350 रुपए ऑनलाइन शुल्क के साथ उपस्थित होना होगा। चयनित सुरक्षा जवानों को 14 हजार से 22 हजार रुपए, सुरक्षा सुपरवाइजर को 18 हजार से 25 हजार रुपए मासिक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा पीएफ, पेंशन, जीवन बीमा, मेडिकल सुविधा, वार्षिक वेतन वृद्धि, प्रमोशन, आवास और मेस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

चयनित उम्मीदवारों को 65 वर्ष तक स्थायी रोजगार का अवसर मिलने की बात भी कही गई है।

भर्ती में चयनित युवाओं को देश के विभिन्न सरकारी और निजी संस्थानों में नियुक्ति दी जाएगी। इनमें जोधपुर एम्स, आईटीआई बाड़मेर, जेके सीमेंट निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़ और कुंभलगढ़ किले, जयपुर की औद्योगिक इकाइयां, ताज होटल, आगरा किला, रणथंभौर किला, शैक्षणिक संस्थान और गुजरात के औद्योगिक क्षेत्र शामिल हैं।

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 9694371137, 7073744937 और 8707068519 पर संपर्क कर सकते हैं।

Subscribe Now