BREAKING NEWS

logo

प्रधानमंत्री मोदी की अजमेर सभा को लेकर पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी


जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शनिवार को अजमेर की कायड़ विश्रामस्थली पर प्रस्तावित जनसभा को लेकर राजस्थान पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

राजस्थान पुलिस ने 28 फरवरी को संभावित यातायात दबाव को देखते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आमजन और वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है।

एडवाइजरी के अनुसार 28 फरवरी को प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक किशनगढ़–गेगल–कायड़–ब्यावर तथा किशनगढ़–गेगल–कायड़–अजमेर मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। एडीजी कानून एवं व्यवस्था वीके सिंह ने बताया कि इस समयावधि में ट्रैफिक कंजेशन की स्थिति बन सकती है। आमजन की सुविधा और सुगम यातायात संचालन सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

पुलिस ने ट्रक, ट्रेलर और अन्य मालवाहक वाहनों के चालकों से अपील की है कि वे 28 फरवरी को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कायड़ और गेगल टोल मार्ग से गुजरने से परहेज करें।

इसके स्थान पर वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है। संबंधित जिलों में डायवर्जन प्लान प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि वाहन चालक पहले से अपनी यात्रा की योजना बना सकें।

राजस्थान पुलिस ने कहा है कि आमजन का सहयोग सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Subscribe Now