पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब 11 बजे की है। वीरमदेवरा की ओर से आ रही एक कार अचानक बेकाबू हो गई और सड़क पर पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी। इसके बाद कार पास में लगे टीन शेड के पोल से जा टकराई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में सात वर्षीय माहिर पुत्र बाबूलाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चालक सहित अन्य छह लोग घायल हो गए। मृतक और घायल सभी श्रद्धालु पाली जिले के झंवरिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, घायल श्रद्धालुओं में माहिर की मां ललिता, भाई रियान (2), विवान (3.5), सुमित्रा (32) और वर्षा (10) शामिल हैं। सभी लोग बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन कर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार के सामने अचानक एक गाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन को साइड में मोड़ा, जिससे कार असंतुलित होकर पहले माहिर को चपेट में लेती हुई अन्य श्रद्धालुओं से टकरा गई और फिर टीन शेड के पोल में जा घुसी।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को रामदेवरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पोकरण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर है।
बेकाबू कार श्रद्धालुओं पर चढ़ी, सात साल के मासूम की मौत, छह घायल
जैसलमेर। रामदेवरा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात साल के मासूम की मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत छह लोग घायल हो गए। हादसा नोखा चौराहे के पास उस समय हुआ जब श्रद्धालु मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे।












