logo

किराना व्यापारी की संदिग्ध मौत, हाईवे पर मिला शव


पाली। पाली जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ब्यावर-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे-162 पर रामासिया के पास मंगलवार सुबह एक किराना व्यापारी का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि व्यापारी की हत्या कर शव हाईवे पर फेंका गया, जिसके बाद गुजरते वाहनों से शव बुरी तरह कुचल गया।

सुबह पुलिस को सूचना मिली कि हाईवे पर एक व्यक्ति का शव टुकड़ों में बिखरा पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव के हिस्सों को एकत्र कर पोटली में बांधा और पाली के बांगड़ जिला अस्पताल भिजवाया। घटनास्थल के पास मृतक की बाइक सुरक्षित हालत में खड़ी मिली। सदर थाना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मंडिया रोड स्थित बाबा रामदेव कॉलोनी निवासी वजाराम (48) के रूप में हुई है, जो किराना दुकान चलाने के साथ प्रॉपर्टी का काम भी करते थे।

आधार कार्ड के जरिए उनकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई।

परिजनों के अनुसार वजाराम 23 मार्च की शाम किसी परिचित के साथ प्लॉट रजिस्ट्री के सिलसिले में घर से निकले थे। शाम छह बजे उनकी आखिरी लोकेशन रजिस्ट्रार ऑफिस में मिली। इसके बाद वह हाईवे तक कैसे पहुंचे, यह रहस्य बना हुआ है। घटनास्थल उनके घर जाने वाले रास्ते से अलग है। शव की हालत और परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

उनका कहना है कि रंजिश के चलते वजाराम की हत्या कर शव को हाईवे पर फेंका गया। परिजनों ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

घटना के बाद बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग की। मौके पर पहुंचे सीओ ग्रामीण अमरसिंह रत्नू और सदर थाना प्रभारी कपूराराम ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन नहीं माने।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक के साथ आखिरी बार कौन था और वह हाईवे तक कैसे पहुंचे। इसके लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

Subscribe Now