अजमेर। हाई सिक्योरिटी जेल में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कुख्यात गैंगस्टर इमरान उर्फ मोगली ने अचानक हंगामा खड़ा कर दिया। गैंगस्टर ने जेल प्रशासन और अन्य कैदियों पर प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए बैरक के गेट पर अपना सिर दे मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद जेल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल कैदी को हथियारबंद जवानों की कड़ी निगरानी में जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, गैंगस्टर इमरान उर्फ मोगली ने अचानक बैरक में हंगामा शुरू कर दिया और गेट पर सिर पटककर खुद को घायल कर लिया। घटना से जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे काबू में लेकर प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा।
हॉस्पिटल पहुंचने के बाद भी गैंगस्टर का हंगामा जारी रहा। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में उसने हाथ जोड़कर मदद की गुहार लगाई और गंभीर आरोप लगाए। उसने कहा कि जेलर सहित अन्य कैदी डकैत धन सिंह और गैंगस्टर बलवाराम उसे प्रताड़ित कर रहे हैं और आत्महत्या के लिए मजबूर किया जा रहा है। साथ ही उसने आरोप लगाया कि जेल में कुछ कैदियों को विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं, जबकि उसके साथ मारपीट और पक्षपात किया जा रहा है।
मामले में जेल अधीक्षक भंवर सिंह ने बताया कि इमरान उर्फ मोगली पहले भी अपनी मांगों को मनवाने के लिए इस तरह की हरकतें करता रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपित जयपुर सेंट्रल जेल से श्रीगंगानगर जेल और वहां से हाल ही में अजमेर शिफ्ट हुआ था। यह अपनी अवैध मांगों को मनवाने के लिए खुद को नुकसान पहुंचाता है। पहले भी अपने नाखूनों से खुद को घायल कर चुका है।
अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि आरोपित द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की जांच करवाई जाएगी। गैंगस्टर इमरान उर्फ मोगली के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट समेत 38 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से विभिन्न जेलों में बंद है और उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
हाई सिक्योरिटी जेल में गैंगस्टर ‘मोगली’ का हंगामा, बैरक पर सिर मारकर खुद को किया घायल












