logo

भीषण आग से रेडीमेड शोरूम समेत चार दुकानें जलीं


बाड़मेर। जिले के सेड़वा उपखंड में बुधवार रात जंभेश्वर मंदिर के पास स्थित एक रेडीमेड कपड़ों के शोरूम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना में चार से अधिक दुकानों को नुकसान हुआ है, जबकि लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

आग लगने के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। दो मंजिला कॉम्प्लेक्स में करीब 20 से अधिक दुकानें हैं, जिनमें ग्राउंड फ्लोर पर स्थित श्रीराम फैशन रेडीमेड शोरूम से आग की शुरुआत हुई। देखते ही देखते लपटें आसपास की दुकानों तक पहुंच गईं।

राहत की बात यह रही कि पास ही एक लाइब्रेरी में पढ़ रहे 10 से अधिक बच्चों को स्थानीय लोगों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।

सूचना मिलते ही सेड़वा थानाधिकारी प्रभुराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों, पुलिस और बीएसएफ के जवानों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। मारवाड़ वाटर प्लांट से पानी के टैंकर मंगवाए गए। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

एसडीएम बद्रीनारायण विश्नोई ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पीएचईडी विभाग और अन्य एजेंसियों की मदद से राहत कार्य किया गया। घटना की सूचना मिलने के बावजूद फायर ब्रिगेड करीब 3 घंटे देरी से मौके पर पहुंची।

तब तक आग पर काबू पाया जा चुका था।

सेड़वा में फायर ब्रिगेड की सुविधा नहीं होने पर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी है। लोगों ने मांग की है कि उपखंड मुख्यालय पर जल्द फायर ब्रिगेड की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं में समय पर राहत मिल सके।

Subscribe Now