logo

पाली में किसान की खेत में हत्या की आशंका, खून से लथपथ मिला शव


पाली। जिले के शिवपुरा थाना क्षेत्र में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। धीनावास रोड स्थित मिठानिया बेरा इलाके में खेत पर रखवाली करने गए किसान का शव खून से लथपथ हालत में मिला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार धाकड़ी गांव निवासी चुन्नीलाल सीरवी (50) मंगलवार को अपने खेत में बोई फसल की रखवाली के लिए गए थे, लेकिन मंगलवार देर शाम तक घर नहीं लौटे। चिंतित परिजनों ने उनके दोनों बेटे शेराराम और भीकाराम को खेत पर भेजा। जब वे वहां पहुंचे तो पिता का शव जमीन पर पड़ा मिला, जिसके सिर से लगातार खून बह रहा था।

सूचना मिलने पर शिवपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं।

पुलिस को मौके से ऐसे संकेत मिले हैं कि सिर पर लाठी, रॉड और पत्थर से हमला किया गया। सिर के पिछले हिस्से में गहरी चोट होने से मौके पर ही मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

परिजनों ने इस घटना को हत्या बताते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

मृतक के दो बेटे हैं, जिनमें भीकाराम पुणे में नौकरी करता है, जबकि शेराराम गांव में ही पिता के साथ रहता था। पत्नी सुआदेवी और बुजुर्ग मां हीरकीदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Subscribe Now