BREAKING NEWS

logo

नशे के लिए मां का गला घोंटा : पोता घर लौटा तब दादी चारपाई पर मृत पड़ी मिली


जोधपुर। शहर के निकटवर्ती जाजीवाल खिंचियान गांव में बेटे ने अपनी वृद्ध मां की हत्या कर दी। प्लास्टिक रस्सी से गला घोंटकर मार दिया फिर कान की टोटियां और कंठी आदि जेवरात चुराकर छुपा दिए। घर पर पोता आया तो वृद्ध दादी का शव चारपाई पर पड़ा पाया। आरोपी को पुलिस ने दस्यताब कर अब गिरफ्तार कर लिया है। उससे सोने के जेवरात बरामद किए जाने के साथ शव का भी मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है।

बनाड़ थानाधिकारी लेखराज सिहाग ने बताया कि जाजीवाल खिंचियान गांव में रहने वाली 75 साल की परमादेवी उर्फ परमुड़ी की हत्या के उसके पुत्र ओमप्रकाश पुत्र घंमडीराम जाट ने कर दी। ओमप्रकाश नशे का आदी है। 4 जनवरी की शाम को मां बेटा दोनों ही घर पर थे। परमादेवी चारपाई पर सो रही थी। उसके दो पोते जितेंद्र और रविंद्र बाहर गए हुए थे। शाम छह बजे छोटा पोता रविंद्र घर आया तब पता लगा कि दादी परमादेवी का शव चारपाई पर पड़ा है। वह मृत पाई गई। इस पर बाद में पुलिस को सूचना दी गई। मौका तस्दीक और जांच में पता लगा कि ओमप्रकाश ने अपनी मां परमादेवी का प्लास्टिक की छोटी रस्सी से गला घोंट कर मार दिया और फरार हो गया। थानाधिकारी लेखराज सिहाग ने बताया कि मौका तस्दीक और आसपास साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया। बाद में आरोपी की तलाश करने पर वह मिल गया।

आरोपी ओमप्रकाश पुत्र घंमडीराम ने अपनी मां की हत्या किए जाना कबूल किया। उसने हत्या के बाद मां के पहने गहने टोटियां, कंठी आदि तोड़ कर छुपा दिए। पुलिस ने गहनों को जब्त कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर अभिरक्षा में लिया गया है।

Subscribe Now