logo

गैस की किल्लत पर कांग्रेस का प्रदर्शन, ज्ञापन सौंप आम जन को राहत देने की मांग


चित्तौड़गढ़। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी जिला चित्तौड़गढ़ की ओर से सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रपति के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र में गैस सिलेंडर की किल्लत से आमजन को राहत दिलाने और गैस आपूर्ति सुचारू करने की मांग की गई। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर रख कर नारेबाजी की।

पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने बताया कि हाल ही में अंतरराष्ट्रीय तनाव के चलते देश में गैस की किल्लत की स्थिति बनती दिखाई दे रही है। ऐसे हालातों में आमजन के बीच भोजन बनाने को लेकर चिंता और डर का माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में क्षेत्र में शादी-ब्याह, मुंडन सहित अन्य मांगलिक कार्यक्रमों का दौर चल रहा है। वहीं रमजान का पवित्र महीना भी जारी है। ऐसे समय में कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ाना आपदा में अवसर तलाशने जैसा है। उन्होंने कहा कि एक ओर लोग शादी-ब्याह और त्योहारों के माध्यम से खुशियां बांट रहे हैं, वहीं सरकार द्वारा राहत देने के बजाय आमजन की खुशियों में व्यवधान पैदा किया जा रहा है। आज स्थिति यह है कि लोग गैस सिलेंडर के लिए लाइनों में खड़े हैं, लेकिन उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। कई जगह ओटीपी नहीं आने जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।जाड़ावत ने कहा कि क्षेत्र में गैस की कमी के कारण कई लोग दोबारा लकड़ी के चूल्हों पर निर्भर होने लगे हैं, जो चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने कहा कि इससे पहले नोटबंदी के समय और कुछ समय पूर्व किसानों को यूरिया के लिए लंबी लाइनों में लगना पड़ा था, जिनके कई हृदय विदारक दृश्य सामने आए थे। अब गैस की किल्लत के चलते उसी प्रकार के हालात बनते दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को सुनिश्चित किया जाए और बढ़ी हुई कीमतों पर रोक लगाई जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश सचिव रणजीत लोठ, ग्रामीण अध्यक्ष विक्रम जाट, पूर्व अध्यक्ष प्रेम प्रकाश मूंदड़ा, नेतावल सरपंच प्रशासक राजदीपसिंह, युवराज श्रीमाली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe Now