BREAKING NEWS

logo

जमीन विवाद में भाई बना बहन का हत्यारा, कुल्हाड़ी से वार कर उतारा मौत के घाट


श्रीगंगानगर। जिले के रावला थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने खून का रिश्ता कलंकित कर दिया। गांव 8 डीओएल में रविवार देर शाम एक युवक ने अपनी बड़ी बहन की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित मौके पर ही शव के पास बैठा रहा। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर आरोपित को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपित सुरेंद्र (25) ने अपनी बहन मंजू (27) को गेहूं की फसल में हिस्सा देने के बहाने घर बुलाया था। मंजू अपने लिव-इन पार्टनर के साथ गांव पहुंची थी, लेकिन घटना के समय वह घर के अंदर अकेली थी।

बताया जा रहा है कि शाम के समय मंजू ने जमीन में अपने हिस्से की मांग की, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आए सुरेंद्र ने घर में रखी कुल्हाड़ी से बहन के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।

मंजू की चीख सुनकर उसका लिव-इन पार्टनर घर के अंदर पहुंचा तो देखा कि वह खून से लथपथ पड़ी है और आरोपित के हाथ में खून सनी कुल्हाड़ी है। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी प्रशांत कौशिक व पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। वहीं आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या का मुख्य कारण जमीन विवाद है।

Subscribe Now