जयपुर। राजस्थान में सोमवार को मौसम ने दो अलग-अलग रूप दिखाए। पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर और फलोदी जैसे जिलों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप देखने को मिला, जबकि उत्तरी राजस्थान के श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ सहित कई इलाकों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से लोगों को राहत मिली। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान रहा। इसके साथ ही बाड़मेर लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर बना रहा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पाकिस्तान की ओर से आ रही गर्म हवाओं ने पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तानी क्षेत्रों में गर्मी को अधिक तीव्र बना दिया है। बिना किसी रुकावट के थार क्षेत्र में प्रवेश कर रही इन हवाओं के कारण हीटवेव का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने जैसलमेर, बाड़मेर और जोधपुर में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं जयपुर, भरतपुर, अलवर, सीकर सहित कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी जयपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज धूप और उमस के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उदयपुर में तापमान 42.3 डिग्री, कोटा में 42.7 डिग्री, अजमेर में 42.1 डिग्री और जोधपुर में करीब 45 डिग्री सेल्सियस मापा गया। भीषण गर्मी के चलते शहरों में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग गर्मी से बचाव के लिए पानी, छांव और अन्य उपायों का सहारा लेते नजर आए।
दूसरी ओर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में मौसम ने करवट ली। यहां तेज आंधी, हल्की बारिश और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई, जिससे लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली।
अलवर और सीकर जैसे जिलों में बादल छाए रहने से तापमान में कुछ कमी आ गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में राजस्थान में मौसम का यह मिला-जुला स्वरूप बना रहेगा। पश्चिमी जिलों में भीषण गर्मी और लू जारी रहेगी, जबकि पूर्वी और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।











