logo

पाली में पैंसठ वर्षीय महिला की हत्या, गहनों के लिए काटे पैर


पाली। जिले के मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कराड़ी गांव में पैंसठ वर्षीय बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या कर बदमाश गहने लूट ले गए। महिला का शव बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे गांव के सूखे तालाब में मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान प्यारी देवी पत्नी स्वर्गीय रामलाल के रूप में हुई है। उनके गले पर धारदार हथियार से गहरे वार के निशान मिले हैं, जबकि दोनों पैर कटे हुए थे। महिला के कान, गले और पैरों में पहने गहने भी गायब पाए गए हैं।

थानाधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला लूट के इरादे से हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि बदमाशों ने पहले महिला की गला काटकर हत्या की और इसके बाद पैरों में पहने चांदी के कड़े निकालने का प्रयास किया। कड़े नहीं निकलने पर उन्होंने धारदार हथियार से दोनों पैर काट दिए और गहने लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सैन मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस टीम को हर एंगल से जांच करने और आरोपितों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए हैं। परिजनों के अनुसार, प्यारी देवी बुधवार दोपहर करीब 12 बजे खेत पर गई थीं, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटीं। परिजनों ने तलाश शुरू की तो रात करीब 8:30 बजे उनका शव गांव के सूखे तालाब में पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और रात करीब 10:30 बजे शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।

घटना से कुछ घंटे पहले प्यारी देवी की अपनी बेटी से फोन पर बात हुई थी। इस दौरान उन्होंने बताया था कि वह खेत में पूजा करने आई हैं और वहां दो अनजान युवक केर तोड़ रहे हैं। पुलिस अब उन संदिग्ध युवकों की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, महिला ने पैरों में करीब आधा किलो चांदी के कड़े, कानों में सोने के झुमके और गले में करीब 3 तोला सोने का मादलिया पहना हुआ था, जिसे बदमाश लूटकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में आरोपितों की तलाश जारी है।

Subscribe Now