- भोपाल, जबलपुर सहित कई जिलों में 30 मार्च को सार्वजनिक अवकाश घोषित
भोपाल। मध्य प्रदेश में महावीर जयंती के सरकारी अवकाश को लेकर बने भ्रम के बीच राज्य शासन ने स्पष्ट आदेश जारी किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने रविवार को जारी आदेश में जिला कलेक्टरों को महावीर जयंती पर अवकाश घोषित करने के लिए निर्णय लेने की छूट दी है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी आदेश में कहा गया है कि विभाग की समसंख्य अधिसूचना 29 दिसंबर 2025 द्वारा वर्ष 2026 के लिए घोषित अवकाशों की सूची में 31 मार्च को महावीर जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था। सामाजिक संगठनों द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन पर विचारोपरांत राज्य शासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार महावीर जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार 31 मार्च के स्थान पर सोमवार, 30 मार्च को अवकाश घोषित करने के लिए जिला कलेक्टर को अधिकृत किया गया है। यदि जिले में महावीर जयंती का पर्व 31 मार्च को मनाया जा रहा हो तो पृथक से आदेश जारी करने की आवश्यकता नहीं होगी।
राज्य शासन द्वारा उक्त आदेश जारी होने के बाद भोपाल कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने आदेश जारी कर 30 मार्च को महावीर जयंती का अवकाश घोषित कर दिया है। इसके साथ ही जबलपुर, ग्वालियर और सीहोर समेत कुछ अन्य जिलों में भी 30 मार्च को ही सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
मप्र में जिला कलेक्टर लेंगे महावीर जयंती पर अवकाश का निर्णय, शासन ने जारी किए निर्देश












.jpg)