BREAKING NEWS

logo

आआपा सरकार के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन


चंडीगढ़। पंजाब की आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकार द्वारा महिलाओं को हर माह एक हजार रुपये भत्ता दिए जाने की घोषणा को लागू नहीं किए जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने शनिवार को चंडीगढ़ में रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान चंडीगढ़ पुलिस ने महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष जय इंदर कौर समेत कई महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष जय इंदर कौर के नेतृत्व में महिलाओं ने 45,000 की बकाया राशि के वादे को लेकर शनिवार को चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया। कौर ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि 22 नवंबर 2021 को मोगा की एक रैली के दौरान आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की हर महिला को मासिक 1,000 रुपये देने की तीसरी गारंटी की घोषणा की थी। आज 45 महीने बाद महिलाओं को एक भी रुपया नहीं मिला है। हर महिला का सरकार की तरफ से 45,000 बकाया है।

जय इंदर कौर ने आम आदमी पार्टी की सरकार की कड़ी निंदा की और कहा कि उन्होंने उन महिलाओं को धोखा दिया है, जिन्होंने बड़ी संख्या में वोट देकर उन्हें जिताया। उन्होंने विशेष रूप से अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने पंजाब की महिलाओं का विश्वास तोड़ा है और उनकी बताई गई "गारंटियां" सिर्फ राजनीतिक धोखाधड़ी बनकर रह गई हैं।

इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा महिला मोर्चा नेता परमपाल कौर, मीनू सेठी, रेनू कश्यप, रेनू थापर, सीमा कुमारी, सरबजीत बाठ और एकता नागपाल मौजूद थीं। इनके साथ जिला भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता भी शामिल थीं।

Subscribe Now