पंजाब पुलिस ने हथियार तस्करी नेटवर्क का किया भंडाफोड़, 7 पिस्तौल बरामद
अमृतसर। पंजाब पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। खुफिया जानकारी के आधार पर की गई कार्रवाई में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद की हैं।
बरामद हथियारों में ग्लॉक, बेरेटा, जिगाना और .30 बोर जैसी विदेशी और उच्च गुणवत्ता की पिस्तौल शामिल हैं। पंजाब पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने मंगलवार को इस कार्रवाई की जानकारी दी।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सीधे तौर पर पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे और सीमा पार से अवैध हथियारों की आपूर्ति में संलिप्त थे।
यह नेटवर्क भारत-पाक सीमा के जरिए हथियारों की तस्करी कर पंजाब और अन्य क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का काम कर रहा था।
डीजीपी पंजाब पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट में इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया गया, "एक इंटेलिजेंस-आधारित ऑपरेशन में, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और ग्लॉक, बेरेटा, जिगाना और .30 बोर सहित सात आधुनिक पिस्तौलें बरामद कीं।
शुरुआती जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान में बैठे तस्करों के सीधे संपर्क में थे, जो अवैध हथियारों की सीमा पार सप्लाई में मदद कर रहे थे।"
पोस्ट में आगे कहा गया कि अमृतसर के कैंटोनमेंट थाना में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले से जुड़े कनेक्शन की सक्रिय रूप से जांच की जा रही है।
पंजाब पुलिस अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ अपनी जीरो-टॉलरेंस नीति पर कायम है।
डीजीपी ने मंगलवार को ही एक अन्य कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खुफिया सूचनाओं के आधार पर अभियान चलाकर सीमा पार से संचालित ड्रग स्मगलिंग मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।
इस कार्रवाई के दौरान फिरोजपुर पुलिस ने एक इंटेलिजेंस-आधारित ऑपरेशन के तहत सीमा पार से नशा तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल को ध्वस्त करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 5.507 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई।
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने एक्स पोस्ट में इस कार्रवाई की जानकारी दी।
पंजाब पुलिस की ओर से प्रदेश भर में की जा रही कार्रवाइयों से यह साफ हो गया है कि पंजाब पुलिस सीमा पार से हो रही नशा तस्करी पर सख्त निगरानी रखे हुए है। अधिकारियों का कहना है कि ड्रग माफिया के पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए तकनीकी जांच, खुफिया इनपुट और फील्ड ऑपरेशनों को और तेज किया जाएगा।












