पंजाब पुलिस ने आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार
चंडीगढ़,। पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के समर्थन वाले एक क्रॉस-बॉर्डर आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई एक संयुक्त ऑपरेशन के तहत की गई, जिसमें अमृतसर और मोहाली की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) की टीमों ने मिलकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
इस ऑपरेशन के दौरान आरोपी के पास से 4 हैंडग्रेनेड और 2 विदेशी पिस्टल के साथ भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है। इतनी बड़ी मात्रा में हथियारों का मिलना इस बात की ओर इशारा करता है कि आरोपी किसी बड़ी साजिश की तैयारी में था। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है।
शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे अपने आकाओं के इशारे पर काम कर रहा था। उसके तार उस आतंकी नेटवर्क से भी जुड़े पाए गए हैं, जो पहले चंडीगढ़ में हुए ग्रेनेड हमले में शामिल था।
पुलिस ने इस मामले में अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है।
अब जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही हैं। कोशिश की जा रही है कि इस मॉड्यूल से जुड़े बाकी लोगों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
इससे पहले अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने जिला फरीदकोट पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर भिंडी सैदा थाने पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले को सुलझाते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। साथ ही उनके पास से 2 पिस्तौल भी बरामद की गई। इस मॉड्यूल को भी पाकिस्तान की आईएसआई का समर्थन प्राप्त था।
अधिकारियों का कहना है कि पंजाब पुलिस ने राज्य में किसी भी तरह की आतंकी गतिविधियों और संगठित अपराध को बर्दाश्त नहीं करेगी। पुलिस लगातार ऐसे नेटवर्क पर नजर बनाए हुए है और उन्हें जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कदम उठा रही है।












