BREAKING NEWS

logo

हिप्र के पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर ने कहा- कांग्रेस नेत्री की कंगना पर टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण, लोकसभा चुनाव में लोग सिखाएंगे कांग्रेस को सबक


शिमला। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी से भाजपा उम्मीदवार फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत पर की गई कांग्रेस नेत्री की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा है, ''देवभूमि हिमाचल की बेटी कंगना रनौत के खिलाफ कांग्रेस की महिला नेत्री द्वारा की गई टिप्पणी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। कंगना रनौत छोटी काशी कहे जाने वाली मंडी की बेटी है। उन्होंने फिल्म जगत में हिमाचल और मंडी का नाम रोशन किया है। उनके खिलाफ इस तरह की टिप्पणी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।''

भाजपा नेता ठाकुर ने लिखा है, '' कंगना रनौत का अपमान पूरे मंडी का अपमान है। पूरे हिमाचल का अपमान है। समूचे देश की संपूर्ण नारी शक्ति का अपमान है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता का यह बयान ही मातृशक्ति के प्रति कांग्रेस की सोच को दर्शाता है। ''

जयराम ठाकुर ने लिखा है, ''देवभूमि के लोग कांग्रेस की महिला नेत्री द्वारा मंडी की बेटी के इस अपमान को माफ नहीं करेंगे। मातृशक्ति का अपमान कांग्रेस की आदत बन गई है। लोकसभा चुनाव में मंडी और हिमाचल की जनता कांग्रेस को उसके इस कृत्य का करारा जवाब देगी।

Subscribe Now