BREAKING NEWS

logo

भाजपा को पश्चिम बंगाल चुनाव जीतने से कोई नहीं रोक सकता: शाहनवाज हुसैन


नई दिल्ली,। भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर आपत्ति जताते हुए दावा किया कि इस बार उन्हें हार का मुंह देखना ही होगा। ममता बनर्जी को अपनी हार का अंदाजा हो चुका है, इसलिए वो हताशा में आकर ऐसे बयान दिए जा रही हैं, जिसे मौजूदा समय में किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है।

 शाहनवाज हुसैन ने शनिवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि ममता बनर्जी मौजूदा समय में भाषा की मर्यादा भूल रही हैं। वे भाजपा के लोगों को जहन्नुम में जाने की बात बोल रही हैं, जबकि सच्चाई यह है कि उन्होंने पश्चिम बंगाल को ही पूरी तरह से जहन्नुम में बदल दिया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की हार तय है। इस बार प्रदेश की जनता ने विदा करने का मन बना लिया है।

 शाहनवाज हुसैन ने दावा किया कि इस बार पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत होने जा रही है। हमें जीतने से कोई नहीं रोक सकता है। मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि इस बार के चुनाव में भाजपा जीतेगी, हम ही लोग छाएंगे और प्रदेश के विकास के लिए काम करते रहेंगे। हम प्रदेश के विकास के काम करने से कोई नहीं रोक सकता है। हमें पूरा विश्वास है कि बीजेपी के शासनकाल में प्रदेश में विकास के कार्य तेज गति से होंगे।

 वहीं, उन्होंने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया है कि इस पार्टी से जुड़े लोग अराजक होते हैं। ये लोग कानून व्यवस्था को भी अपने हाथ में लेने से गुरेज नहीं करते हैं। अपने अराजक कामों को लेकर ही आम आदमी पार्टी के लोग चर्चा में रहते हैं। इसी वजह जब ये लोग सरकार में आते हैं, तो इसी तरह के काम करने पर आमादा हो जाते हैं।

Subscribe Now