logo

खानाकुल में तृणमूल नेता दिपेन माइती का इस्तीफा, बढ़ी सियासी हलचल


हुगली। चुनावी माहौल के बीच खानाकुल में तृणमूल कांग्रेस के प्रभावशाली नेता दिपेन माइती ने खानाकुल-एक ब्लॉक की कोर कमेटी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से हटने की घोषणा की।

दिपेन माइती ने अपना इस्तीफा पत्र पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बक्सी समेत शीर्ष नेतृत्व को भेजने के साथ ही शनिवार को इसे सोशल मीडिया पर भी सार्वजनिक कर दिया। हाल ही में उन्हें खानाकुल से पार्टी उम्मीदवार पलाश राय के समर्थन में सक्रिय भूमिका निभाते देखा गया था।

सूत्रों के अनुसार, दिपेन माइती के प्रभाव के चलते किशोरपुर-एक और दो पंचायत, घोषपुर और ठाकुरानीचक क्षेत्रों में तृणमूल अपने वोट बैंक को लेकर काफी आश्वस्त थी। ऐसे समय में उनका अचानक इस्तीफा कई तरह की अटकलों को जन्म दे रहा है।

हालांकि, दिपेन माइती ने अपने इस्तीफे के पीछे शारीरिक अस्वस्थता और व्यक्तिगत कारणों को बताया है, लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि संगठन के भीतर असंतोष इसके पीछे एक बड़ा कारण हो सकता है। बताया जा रहा है कि आई-पैक की भूमिका को लेकर भी वे नाराज थे और कुछ रणनीतिक फैसलों से असहमति जता रहे थे।

इधर, हाल के दिनों में एक कथित कॉल रिकॉर्डिंग भी चर्चा में है, जिसमें एक तृणमूल नेता के भाजपा में शामिल होने की इच्छा जताने की बात सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि उस रिकॉर्डिंग में आवाज दिपेन माइती की हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दिपेन माइती के इस्तीफे से खानाकुल की सियासत में हलचल तेज हो गई है और पार्टी के अंदरूनी हालात को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वहीं, उन्होंने जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है।

Subscribe Now