BREAKING NEWS

logo

भाजपा का आम आदमी पार्टी पर निशाना, कहा- अरविंद केजरीवाल का राजनीतिक वजन घटा



नई दिल्ली,। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के वजन में कमी को लेकर राजनीतिक घमासन मच गया है। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि अरविंद केजरीवाल का जेल में रहते हुए आठ किलो वजन कम हो गया है।आम आदमी पार्टी पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। भाजपा ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का राजनीतिक वजन घट गया है। इसलिए अब वे विक्टिम कार्ड खेल रहे हैं।

सोमवार को भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि मीडिया के दस्तावेजों से तथ्य सामने आया है कि अप्रैल में जेल जाने की अवधि और चुनाव प्रचार के लिए अंतरिम राहत के बीच अरविंद केजरीवाल का वजन बढ़ गया था। जेल प्रशासन के अनुसार भी उनका कहीं से भी 8-8.5 किलो वजन कम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि मामूली वजन कम होने का कारण यह है कि अरविंद केजरीवाल ने जेल में खाना खाना बंद कर दिया है ताकि उनका वजन घटे और बीमारी का बहाना बनाया जा सके और पीड़ित होने का कार्ड खेला जा सके। उन्होंने कहा कि तिहाड़ जेल तो दिल्ली सरकार के अंतर्गत आता है।

शहजाद पूनावाला ने कहा कि आम आदमी पार्टी का मतलब ही और अधिक प्रोपेगेंडा है। यह पार्टी सिर्फ प्रोपेगेंडा फैलाने की कोशिश कर रही है। विक्टिम कार्ड खेलने की उनकी पुरानी आदत है। लेकिन देश की जनता उनका यह खेल समझ चुकी है। वह इस बार इनके झूठ में नहीं फंसेगी।

भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जब भी अरविंद केजरीवाल की कोर्ट में पेशी की तारीख आती है, तो आम आदमी पार्टी का पूरा ईको-सिस्टम तरह-तरह की खबरें फैलाना शुरू कर देता है। साफ है अरविंद केजरीवाल का राजनीतिक वजन कम हो गया है। एम्स का एक पैनल डॉक्टर केजरीवाल के स्वास्थ्य का ध्यान रख रहे हैं।लोगों की सहानुभूति हासिल करने के लिए उन्होंने जानबूझकर कम आहार लेना शुरू कर दिया है।

Subscribe Now