जानकारी अनुसार घटना देर रात करीब 10 बजे की है, जब होटल परिसर में शादी का रिसेप्शन चल रहा था। अचानक आग लगने और सिलेंडर ब्लास्ट की आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए मेहमान इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने पास में रखे गैस सिलेंडर को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही पलों में सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ और आग ने विकराल रूप ले लिया।
टला बड़ा हादसा
गनीमत रही कि जिस स्थान पर सिलेंडर फटा, वहां उस समय कोई मौजूद नहीं था। बताया जा रहा है कि कुछ देर पहले तक उसी जगह गाड़ियां खड़ी थीं। अगर धमाका उस समय होता तो जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था। हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
दमकल की मशक्कत, देर रात तक चला रेस्क्यू
आग पर काबू पाने के लिए गांधीनगर, बैरागढ़ और फतेहगढ़ फायर स्टेशनों से दमकलें मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात 12 बजे तक आग पर काबू पाया जा सका। मौके पर जेसीबी की मदद से जले हुए सामान को हटाया गया और क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित किया गया। देर रात तक धुआं निकलता रहा, जिसके चलते एहतियातन दमकल वाहन मौके पर तैनात रहे। इस घटना ने शादी समारोह की खुशियों को दहशत में बदल दिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
भाेपाल में शादी समाराेह के दाैरान सिलेंडर ब्लास्ट, 50 फीट तक उठीं लपटें, मेहमानों ने भागकर बचाई जान
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में सोमवार रात एक मैरिज रिसेप्शन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। भौंरी इलाके में स्थित होटल प्ले एंड रिसोर्ट में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। धमाका इतना जोरदार था कि आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जबकि आग की लपटें करीब 50 फीट ऊंचाई तक उठती नजर आईं।












