भाेपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का आज गुरुवार को चौथा दिन है। सदन में पानी का मुद्दा, वित्तीय अनियमितताओं का मामला और आबकारी नीति जैसे अहम विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही राज्यपाल के अभिभाषण पर भी बहस जारी रहेगी।
बीजेपी विधायक अजय विश्नोई ने जबलपुर में घर-घर नर्मदा जल पहुंचाने की नई योजना में कथित अव्यवस्थाओं को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाया है। वे योजना के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे।
अनूपपुर कॉलेज में वित्तीय अनियमितता का मामला
कांग्रेस विधायक फुंदेलाल मार्को ने अनूपपुर के शासकीय स्नातक महाविद्यालय में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिया है। आरोप है कि पुष्पराजगढ़ के तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं से वसूली गई शुल्क राशि का निजी उपयोग किया। इस मामले में वे उच्च शिक्षा मंत्री से जवाब मांगेंगे।
आबकारी नीति 2026-27 पर वक्तव्य
वाणिज्यिक कर मंत्री जगदीश देवड़ा सदन में वर्ष 2026-27 की आबकारी नीति पर वक्तव्य देंगे। इस पर भी विपक्ष की ओर से सवाल उठने की संभावना है।
राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा जारी
सोमवार को मंगू भाई पटेल ने अपने अभिभाषण में प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख किया था। उन्होंने डॉ. मोहन यादव सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रभाव और ‘विकसित भारत 2047’ के विजन में मध्य प्रदेश की भूमिका को विस्तार से रखा था। आज भी उसी पर चर्चा जारी रहेगी।
सदन की कार्यवाही
चौथे दिन दो ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के साथ 80 याचिकाएं प्रस्तुत की जाएंगी। मंत्री जगदीश देवड़ा, प्रहलाद पटेल, संपतिया उईके, चैतन्य कश्यप, इंदर सिंह परमार और प्रद्युम्न सिंह तोमर सदन की पटल पर विभिन्न पत्र रखेंगे। कुल मिलाकर, बजट सत्र का चौथा दिन सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस का साक्षी बन सकता है।
मप्र विधानसभा बजट सत्र का आज चौथा दिन, पानी, वित्तीय अनियमितता और आबकारी नीति पर बहस के आसार












