भोपाल। मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। साथ ही सुबह और शाम को घना कोहरा छा रहा है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ रहा है। राज्य में शीत लहर की स्थिति बनी हुई है। विशेष रूप से पश्चिमी और उत्तरी मध्य प्रदेश में ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है। रविवार को ग्वालियर-चंबल समेत आधे प्रदेश में घना और मध्यम कोहरा रहा। वहीं, शहडोल का कल्याणपुर पूरे प्रदेश में सबसे ठंडा है। सोमवार की सुबह भी 16 जिलों में कोहरे का असर देखा गया है। कोहरे की वजह से दिल्ली से आने वाली ट्रेनों पर भी असर पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) आगे बढ़ गया है। इस वजह से फिर से सर्द हवाएं चलने लगी हैं। वहीं, कश्मीर के गुलमर्ग और सोनमर्ग पर बर्फबारी हो रही है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मौसम बदला हुआ है। यहां से सर्द हवाएं मध्य प्रदेश में आ रही है। जिससे यहां के शहरों में भी ठंड का असर बढ़ा है। रविवार सुबह ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, कटनी, जबलपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर, दमोह में कोहरे का असर देखा गया। कुछ जगह तो विजिबिलिटी 200 मीटर से भी कम रही।
दूसरी ओर, प्रदेश के शहडोल जिले का कल्याणपुर सबसे ठंडा रहा। यहां रविवार की रात में तापमान 3.4 डिग्री रहा। वहीं, उमरिया में 4.7 डिग्री, पचमढ़ी में 4.8 डिग्री, खजुराहो में 6 डिग्री, मलाजखंड में 6.1 डिग्री, रीवा में 7 डिग्री, बैतूल में 7.2 डिग्री, रायसेन में 7.4 डिग्री, छिंदवाड़ा-मंडला में 7.5 डिग्री, नौगांव-नरसिंहपुर में 8 डिग्री, दतिया में 8.9 डिग्री, शिवपुरी में 9 डिग्री, खरगोन-सिवनी में 9.4 डिग्री और सतना में पारा 9.7 डिग्री रहा। 5 बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 6.8 डिग्री, इंदौर में 7.5 डिग्री, ग्वालियर में 9.3 डिग्री, उज्जैन में 10.5 डिग्री और जबलपुर में पारा 8.2 डिग्री दर्ज किया गया।
सोमवार सुबह ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, कटनी, सतना, मैहर, उमरिया, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज और रीवा में कोहरे का असर देखा जा रहा है। भोपाल, इंदौर में मध्यम कोहरा है। कोहरे की वजह से दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनों पर सबसे ज्यादा असर है। इंदौर, भोपाल, ग्वालियर-उज्जैन की ओर आने वाली ट्रेनें अपने समय पर नहीं आ रही है। मालवा, झेलम, शताब्दी, सचखंड, पंजाब मेल जैसी कई ट्रेनें तय समय से 8 घंटा तक लेट आ रही है।
मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी, शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा, लुढ़का रात का पारा
- प्रदेश के 16 जिलों में कोहरे का असर












