BREAKING NEWS

logo

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने जन्मदिन पर परिवार संग किया पौधरोपण


भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज (5 मार्च को) अपना 67वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने राजधानी भोपाल के स्मार्ट सिटी पार्क में परिवार के साथ पौधारोपण किया।

केन्द्रीय मंत्री चौहान ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करते हुए करते हुए कहा कि आज अपने जन्मदिन के अवसर पर भोपाल स्थित स्मार्ट सिटी पार्क में परिवार के साथ पौधा रोपा। मेरा मानना है कि जीवन का हर क्षण केवल अपने लिए नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के लिए भी होना चाहिए। जीवन तभी सार्थक है, जब वह सेवा और सद्भाव के लिए जिया जाए। पेड़ लगाना पर्यावरण की सबसे बड़ी सेवा है, इसलिए आप भी पेड़ लगाइये। यही मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार है। पौधा लगाकर लिंक पर फ़ोटो अपलोड करें, आपकी शुभकामनाएं मुझ तक पहुँच जाएंगी। उन्होंने कहा कि हम अपना जन्मदिन बड़े आनंद और उत्साह के साथ मनाते हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि प्रत्येक जन्मदिन के साथ हमारी आयु का एक वर्ष और कम हो जाता है। ऐसे में मन में यही विचार आ रहा है कि बचा हुआ जीवन हम कैसे सार्थक जिएं। मैं मानता हूँ कि हम सभी में एक ही चेतना है, इसलिए हम सब एक हैं। हमारे शास्त्रों में भी कहा गया है कि 'आत्मवत् सर्वभूतेष', सिय राममय सब जग जानी, वसुधैव कुटुम्बकम्, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो।

केन्द्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि जब हम सबमें एक ही चेतना है, तो हम सबको अपना मानें और सबसे प्रेम करें। प्रेम का सर्वश्रेष्ठ प्रकटीकरण सेवा है, इसलिए हम सबकी सेवा करें और सबसे प्रेम करें; यही जीवन की वास्तविक सार्थकता है। मेरे हृदय में सेवा का यह संकल्प और प्रबल हो रहा है। प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करना भी सेवा का ही एक पवित्र माध्यम है। पेड़ लगाकर हम धरती, प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति अपना दायित्व निभा सकते हैं। मैं भी प्रतिदिन पेड़ लगा रहा हूँ, आप भी एक पेड़ लगाइए।

Subscribe Now