भोपाल पिछले एक दशक से भारतीय ज्ञान परंपरा, जनजातीय एवं लोक संस्कृति, मानविकी तथा सामाजिक विज्ञान में शोध के लिए समर्पित दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान के प्रभाग दत्तोपंत ठेंगड़ी इंस्टीट्यूट ऑफ कल्चरल स्टडीज को भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने इंडियन नॉलेज सेंटर के रूप में मान्यता प्रदान की है।
संस्थान के निदेशक डॉ मुकेश कुमार मिश्रा ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रभाग को भारतीय ज्ञान परम्परा पर शोध के लिए केंद्र के रूप में यह मान्यता दी गई है। उन्होंने बताया कि संस्थान ने भारत सरकार को एक प्रस्ताव दिया था। मंत्रालय ने परीक्षण के बाद इस प्रस्ताव को मान्य किया है और देश के 20 चयनित संस्थाओं के साथ इसे शोध केंद्र के रूप में मान्यता प्रदान की है।
उल्लेखनीय है कि दत्तोपंत ठेंगड़ी इंस्टीट्यूट ऑफ कल्चरल स्टडीज भारतीय ज्ञान प्रणालियों एवं सांस्कृतिक अध्ययन के सुदृढ़, संस्थागत एवं अंतर्विषयी विस्तार के लिए प्रयासरत है। देश के प्रसिद्ध अकादमिक विद्वान इस संस्थान से जुड़े हुए हैं। संस्थान भारत के पुनरुत्थान के लिए शोध पर केंद्रित राष्ट्रीय शोधार्थी समागम का आयोजन कर रहा है। हाल ही में इस समागम में 25 राज्यों के शिक्षाविदों ने भागीदारी की थी।
निदेशक डॉ मिश्रा ने बताया कि उच्च स्तरीय बहुविषयक अध्ययनों के माध्यम से संस्थान भारतीय ज्ञान पद्धति के पुनरुत्थान एवं समकालीन परिप्रेक्ष्य में उसके पुनर्स्थापन हेतु भी कार्य कर रहा है। यह सामाजिक विज्ञान, मानविकी, भाषा एवं संस्कृति के साथ-साथ स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों में सैद्धांतिक एवं अनुप्रयुक्त अनुसंधान को प्रोत्साहित करता है। साथ ही, नीति निर्माण की प्रक्रियाओं में बौद्धिक सहयोग, विकासात्मक प्रवृत्तियों का विश्लेषण तथा परिणामोन्मुख शोध के माध्यम से सामाजिक-आर्थिक विकास को गति प्रदान करने में भी सक्रिय भूमिका निभाता है।
केंद्र सरकार ने दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान को दी इंडियन नॉलेज सेंटर की मान्यता
- संस्थान का दत्तोपंत ठेंगड़ी इंस्टीट्यूट ऑफ कल्चरल स्टडीज कराएगा भारतीय ज्ञान परम्परा पर शोध












