जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के गोसलपुर स्थित रामसागर तालाब में सोमवार शाम नहाने गए दो युवक गहरे पानी में डूब गए। मंगलवार सुबह चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश अब भी जारी है। यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर गोसलपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, गोसलपुर की झुग्गी बस्ती में रहने वाले तीन दोस्त इरावत (19), अर्जुन (21) और करण सोमवार शाम तालाब में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान इरावत का पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में समाने लगा। अपने दोस्त को डूबता देख अर्जुन उसे बचाने के लिए पानी में कूदा, लेकिन वह भी खुद को नहीं संभाल सका और दोनों गहरे पानी में डूब गए। किनारे पर मौजूद तीसरे साथी करण ने तुरंत भागकर बस्ती में परिजनों को हादसे की सूचना दी।
सोमवार रात को ही पुलिस और गोताखोरों ने तलाश शुरू की थी, लेकिन अंधेरा होने के कारण ऑपरेशन रोकना पड़ा। मंगलवार सुबह दोबारा शुरू हुई खोजबीन में सुबह करीब 10 बजे अर्जुन का शव तालाब के बीच झाड़ियों में फंसा हुआ मिला। इरावत का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है, गोताखोर लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं।
हादसे की खबर मिलते ही सिहोरा तहसीलदार रूपेश्वरी कुंजम, नायब तहसीलदार जयभान सिंह उइके और पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े ने भी घटनास्थल का दौरा किया और अधिकारियों को रेस्क्यू तेज करने के निर्देश दिए। विधायक ने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाते हुए शासन की ओर से उचित सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि रामसागर तालाब में काफी मात्रा में झाड़ियां और गहरी चोई (जलीय घास) है, जिससे यहां तैरना बेहद खतरनाक साबित होता है। माना जा रहा है कि दोनों युवक इन्हीं झाड़ियों में फंसने के कारण बाहर नहीं निकल सके। फिलहाल, दूसरे युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।
जबलपुर के रामसागर तालाब में डूबे दो युवकों में से एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी
May 12 2026 9:13AM
2 मिनट का रीड
123759
13











