BREAKING NEWS

logo

जबलपुरः संदिग्ध विस्फोटक खोल की हो रही जांच, फरार आरोपी शमीम कबाड़ी पर उठे सवाल


जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में गोहलपुर थाना क्षेत्र स्थित रद्दी चौकी के पास नाले की सफाई के दौरान सोमवार को नगर निगम कर्मचारियों को ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में इस्तेमाल होने वाले बम का खाली खोल मिला था। गोहलपुर थाना प्रभारी रितेश पांडे ने बताया कि मंगलवार को उक्त बम के धोखे के संबंध में संबंधित विभागों को जानकारी भेजी गई है, साथ ही ऑर्डनेंस फैक्ट्री से पत्राचार किया जा रहा है जिसका अपडेट मिलते ही कार्यवाही की जाएगी फिलहाल बम के धोखे की गहन जांच चल रही है।

उल्लेखनीय है कि शहर के चर्चित मेटल गोदाम ब्लास्ट मामले में फरार आरोपी हिस्ट्रीशीटर शमीम कबाड़ी एक बार फिर सुर्खियों में है। उसके घर के पीछे बने नाले में बम का खोल मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वायड मौके पर पहुंचा। जांच के बाद संदिग्ध खोल को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर इसे सैन्य उपयोग के विस्फोटक का हिस्सा माना जा रहा है।

यह वही शमीम कबाड़ी है, जिसके खजरी खिरिया स्थित मेटल गोदाम में अप्रैल 2024 में भीषण विस्फोट हुआ था। उस हादसे की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी थी और उसमें मजदूरों की जान चली गई थी। घटना के बाद से ही आरोपी अपने परिवार सहित फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।

गौरतलब है कि उस समय शुरुआती जांच में विस्फोट को गैस सिलेंडर फटने की घटना बताया गया था, लेकिन बाद में जांच में आर्मी ग्रेड विस्फोटक और जिंदा बम मिलने की पुष्टि हुई थी। इसके बावजूद मुख्य आरोपी का फरार होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता रहा है।

इस नए घटनाक्रम के बाद एक बार फिर शहर में कबाड़ के नाम पर चल रहे संदिग्ध कारोबार पर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कबाड़खानों की आड़ में अवैध और खतरनाक सामग्री का भंडारण शहर की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश तेज करने की बात कह रही है।

Subscribe Now