BREAKING NEWS

logo

कटनी में कार-मोटरसाइकिल की टक्कर में 4 की मौत


कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में मोटरसाइकिल और कार के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों की मौत हो गई है, वहीं कार में सवार पांच लोग घायल हुए हैं। मृतकों में तीन मजदूर हैं जो महाराष्ट्र से ट्रेन से लौटने के बाद अपने घर जा रहे थे।

मिली जानकारी के अनुसार मानपुर निवासी तीन मजदूर सोमवार की देर रात को ट्रेन से कटनी पहुंचे थे। वे महाराष्ट्र से मजदूरी कर लौट रहे थे। ये तीनों मजदूर अपने एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल से मानपुर आ रहे थे। इसी दौरान बड़वारा थाना अंतर्गत रेलवे पुलिया के पास कार और बाइक की आमने-सामने सीधी भिड़ंत हो गई।

 मोटरसाइकिल पर सवार सभी युवक बगैर हेलमेट के थे। दुर्घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बाइक पर एक साथ चार लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटर साइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, बाइक सवार चारों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रामकिशोर सिंह, रामदास सिंह, जितेंद्र सिंह और इंद्रभान सिंह के रूप में हुई है। 

बताया जा रहा है कि बाइक सवार कटनी की ओर जा रहे थे, जबकि कार उमरिया की दिशा से आ रही थी। कार में सवार लोग राजगढ़ के निवासी बताए जा रहे हैं, जो अंबिकापुर से लौट रहे थे। हादसे में कार मे सवार पांच लोग घायल हुए है, जिन्हें तत्काल बड़वारा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा बहुत भीषण था और यही कारण था कि मोटर साइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई और मोटर साइकिल पर सवार सड़क पर इधर-उधर उछलकर गिरे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Subscribe Now